{नांदेड जिल्हा प्रतिनिधी-शेख अनिस}
नांदेड़: पुलिस अधीक्षक डॉ.नीलाभ रोहन के मार्गदर्शन में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अर्धापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित गुटखा,पान मसाला और सुगंधित तंबाकू की तस्करी का भंडाफोड़ किया।पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल ₹7,82,040 का माल और वाहन जब्त किया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिंगोली से नांदेड़ की ओर मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर (MH-29-BC-2692) में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की अवैध ढुलाई की जा रही है।सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरंबा फाटा,अर्धापुर में नाकाबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली।जांच के दौरान कार से बड़ी मात्रा में महाराष्ट्र सरकार द्वारा प्रतिबंधित गुटखा,पान मसाला और सुगंधित तंबाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने सकलेन मुश्ताक देशमुख (26,निवासी पेंशनपुरा,हिंगोली) और आरिफ शेख नदीम शेख (27,निवासी मस्तानशाह नगर,हिंगोली) को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में करीब ₹2,82,040 कीमत का प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू तथा परिवहन में इस्तेमाल की गई ₹5 लाख कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति की कीमत ₹7,82,040 बताई गई है।
इस मामले में अर्धापुर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 369/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 223,274,275,3(5) तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम,2006 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक कांबले कर रहे हैं। पुलिस अब इस अवैध गुटखा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
नांदेड़ जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों के अवैध भंडारण,बिक्री या परिवहन की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

0 Comments