जिला प्रतिनिधी गणपति रॉय
बिना आईडी बुक हुआ कमरा, सुविधा उपलब्ध कराने वाला कर्मचारी भी पहुंचा जेल
जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अब्बास कुरैशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने नाबालिग को मिलने का झांसा देकर AIRBNB के एक कमरे में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में आरोपी को बिना पहचान पत्र के कमरा उपलब्ध कराने वाले कर्मचारी को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि पीड़िता की आरोपी से पहचान उसके एक मित्र के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने जान-पहचान का फायदा उठाते हुए नाबालिग को मिलने के लिए बुलाया और AIRBNB के कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसके फोटो और वीडियो भी बना लिए। पीड़िता की शिकायत पर श्याम नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी का पता लगाकर उसे जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बिना वैध आईडी के AIRBNB पर कमरा बुक कराया था। पुलिस ने नियमों की अनदेखी कर कमरा उपलब्ध कराने वाले कर्मचारी अजय कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने होटल, AIRBNB, गेस्ट हाउस और धर्मशाला संचालकों को चेतावनी दी है कि सभी आगंतुकों की जानकारी ई-विजिटर पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments