जिला प्रतिनिधी गणपति रॉय वसई विरार
नायगांव। पालघर के सांसद हेमंत विष्णु सवरा की कार शुक्रवार सुबह घोड़बंदर रोड पर एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा सुबह करीब 7 बजे ठाणे-नायगांव मार्ग पर हुआ। घटना में सांसद सुरक्षित रहे, जबकि उनके चालक को चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांसद की फॉर्च्यूनर कार को एक तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। प्रारंभिक जांच में रॉन्ग साइड से आ रहे भारी वाहन को दुर्घटना का संभावित कारण बताया जा रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल चालक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए घोड़बंदर रोड पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद एक बार फिर हाईवे पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और भारी वाहनों की लापरवाही जैसे मुद्दे सामने आए हैं। हालांकि, इस गंभीर दुर्घटना में सांसद के सुरक्षित बचने से बड़ा अनर्थ टल गया।

0 Comments